मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की तैयारियों की समीक्षा
प्रदेश के सेवा, सुरक्षा व सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश मुख्यालय और सभी जनपदों में 25, 26 और 27 मार्च को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
यूपीः भारत सरकार का ग्रोथ इंजन थीम पर होगा कार्यक्रम
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी कार्यक्रमों को केंद्र सरकार की 10 वर्षों की उपलब्धियों से जोड़ते हुए ‘यूपीः भारत सरकार का ग्रोथ इंजन’ थीम के तहत भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीते 8 वर्षों में सेवा, सुशासन और दृढ़ता के साथ जो विकास कार्य हुए हैं, उनकी जानकारी जनता तक पहुंचाई जानी चाहिए। इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
प्रदर्शनी और जागरूकता कार्यक्रमों पर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने कहा कि जनपद मुख्यालय, प्रत्येक विधानसभा और विकासखंड स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए सीडीओ, एडीएम या एसडीएम स्तर के अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया जाए। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार की 8 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें सभी विभागों की भागीदारी होगी। उन्होंने प्रदर्शनी के लिए उपयुक्त स्थान के चयन के निर्देश दिए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग पहुंच सकें।
प्रदर्शनी में जनपद की विगत 8 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याण की योजनाओं, स्थापित और निर्माणाधीन परियोजनाओं, नई औद्योगिक इकाइयों आदि के अच्छे फोटोग्राफ्स को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदेश स्तर की प्रमुख योजनाओं और परियोजनाओं के फोटोग्राफ्स संबंधित विभाग से समन्वय करके प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रत्येक स्टॉल पर विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी देने वाली पुस्तिका उपलब्ध कराई जाएगी। जिन योजनाओं के आवेदन चल रहे हैं, उनकी जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों के वहीं पर आवेदन फार्म भरवाने की व्यवस्था की जाएगी।
किसान समृद्धि, महिला सशक्तिकरण, युवा रोजगार जैसे विषयों पर आधारित होगा कार्यक्रम
मुख्य सचिव ने कहा कि कार्यक्रम को अन्नदाता किसान की समृद्धि, महिला सशक्तिकरण, अवसंरचना विकास, युवा एवं रोजगार, हस्तशिल्प एवं ओडीओपी, सुरक्षित उद्यमी-समृद्ध व्यापार और अंत्योदय से सर्वोदय जैसे विषयों के आधार पर प्लान किया जाए। सत्रों के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को टूल किट, चेक, कार्ड आदि का वितरण स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाएगा। ऋण मेले के आयोजन के लिए जनपदीय बैंकर्स कमेटी के साथ बैठक कर आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएं। सीएम युवा योजना के अधिक से अधिक आवेदन कार्यक्रम के दौरान भरवाए जाएं और चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और चेक का वितरण किया जाए।
पुलिस द्वारा किए गए कार्यों को भी किया जाएगा प्रदर्शित
पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने कहा कि बीते 8 वर्षों में प्रदेश की कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। पुलिस द्वारा किए गए अच्छे कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रयागराज महाकुंभ के सफल आयोजन पर केंद्रित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा, हाल ही में लागू तीन नए कानूनों के बारे में भी जनता को जागरूक किया जाएगा।
सभी विभागों को कार्यक्रमों के सफल आयोजन के निर्देश
इस बैठक में प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र, प्रमुख सचिव सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य पार्थसारथी सेन शर्मा, प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास लीना जौहरी, मंडलायुक्त झांसी विमल कुमार दुबे, जिलाधिकारी अविनाश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट= गौरव साहू